E-177, First Floor, Amar Colony, Lajpat Nagar-IV, New Delhi info@missionmeradesh.com
Follow us:
;

Popular Post


ब्लॉग

अनमोल खजाना पीपल, नीम, तुलसी


अनमोल खजाना  पीपल, नीम, तुलसी


Posted By: Ameeta  |  Posted Date: 02-10-2025

   डॉ. धर्मेन्द्र कुमार स्कूल जीवन में समय मिलते ही, खेती किसानी के छोटे-मोटे कामों में जुट जाते। होम्योपैथी की पढ़ाई के दाैरान ‘पीपल नीम तुलसी अभियान’ प्रस्फुटित हुआ। तीन दशक से अधिक की उनकी कोशिशें अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा पा चुकी हैं। उनकी कहानी, उन्हीं की जुबानी।

   बिहार के गया जिले (वर्तमान में अरवल जिला) के हामिन्दपुर तेर्रा गांव में 1962 की 15 फरवरी को साधारण किसान परिवार में मेरा जन्म हुआ। दादाजी रामदास सिंह खेती में जुटे रहते। पिताजी मदनधारी सिन्हा टेलीफोन विभाग में नौकरी करते। मां कृष्णादेवी घर का मोर्चा संभालती। दसवीं तक गांव में पढ़ा। दादाजी के कहे अनुसार खेत के  काम में हाथ बंटाता। दादाजी आम, फल, फूल आदि लगाते। मैं धान की राेपाई कटाई में भी सहयोग करता। दादाजी इसके लिए दो पैसे रोज देते। याद है कि धान की रोपाई करती महिलाएं सोहर गाते हुए, हंसी मजाक में गीली मिट्टी डाल देती थीं।

   आगे की पढ़ाई के लिए पिताजी के पास पटना चला गया। इंटर पटना के निकट पुनपुन के कॉलेज से की। इसके बाद पटना में होम्योपैथी काॅलेज में दाखिला लिया। पढ़ाई के दौरान तीसरे वर्ष में वायु, पानी, भोजन के सदुपयोग और शुद्ध पर्यावरण के बारे में पढ़ाया गया। समझ में आया कि हमने धरती प्रकृति के ही रोगग्रस्त कर दिया। इसने पर्यावरण संरक्षण की धुन लगा दी।

पीपल से की शुरुआत

   पैतृक गांव हामिन्दपुर तेर्रा से 1991 में इस अभियान की शुरुआत का मन बना। युवा साथियों ने इसे इस शर्त पर पसंद किया कि पीपल के पौध आप उपलब्ध कराएंगे। इसके लिए न समझ थी और न धन  का जुगाड़। एक दिन गांव के घर पर मुंह धोते हुए, दीवार के पास पीपल के पौधे दिखे। अन्यत्र तलाशा तो 15-20 पीपल के पौधे मिल गए। दोस्त सुनील और उसके साथी इन्हें लगाने में जुट गए। तबसे पीपल ने ऐसा पकड़ा कि छोड़ ही नहीं रहा। इस मिनख धर्म के लिए विवाह नहीं करने की सोची। हुआ विपरीत। पारिवारिक दबाव के कारण 1994 में मधु भारती से विवाह हुआ। 2015 में कैंसर से उनका निधन हो गया। तबसे बेटों धर्म दीपक (वकील), बेटे आदित्य (इंटर) और बेटी पल्लवी (जयपुर से बी. टेक.) के संस्कारयुक्त करते, पर्यावरण कर्मयात्रा में जुटा हूं।

पीपल नीम तुलसी अभियान

   समझ आ गया कि प्रत्येक घर से कम से कम एक व्यक्ति के प्राकृतिक आॅक्सीजन बैंक में सहयोग देना होगा। पीपल नीम तुलसी अनमोल खजाना है। इसलिए ‘पीपल नीम तुलसी अभियान’ के अंतिम सांस तक कर्मपथ बना लिया। इसके लिए जागरण अभियान के देश के बाहर नेपाल और भूटान तक ले गया। ‘बोधिवृक्ष कॉरिडोर योजना’ राजगीर (बिहार)- बोधगया (बिहार) - लुम्बिनी (नेपाल) तक है। साथियों ने मुझे इस योजना का संरक्षक बनाया है। 28 नवम्बर, 2019 को बुद्ध की जन्मभूमि लुम्बिनी में बोधिवृक्ष (पीपल) का रोपण किया। पिछले वर्ष 7 मई को राजगीर में विचारमंथन और पाौधरोपण हुआ। फिर 2 जुलाई को वन महोत्सव पर साौ बोधिवृक्ष लगाए। गौतम बुद्ध ने वर्षों की साधना के पश्चात, बोधगया (बिहार) में बोधिवृक्ष के नीचे ज्ञान प्राप्त किया। अगला कार्यक्रम बोधगया में जल्द आयोजित होगा।

छोटी-छोटी कोशिशें

   बिटिया की शिक्षा का कारण जयपुर जाना होता था। पास के गांव में पीपल लगाने की सोची तो सुनने को मिला कि ऐसा करने पर पीपल विवाह करवाना पड़ेगा। पीपल को बोधिवृक्ष कहने के पीछे यह भी बड़ा आधार रहा। और हां, जयपुर में पर्यावरण संत नवल डागा के निवास को बाहर पर्यावरण योद्धाअों का सम्मान, सुखद स्मृति है।

   छतरपुर के बक्सवाहा जंगल हीरे के लिए काटने का समाचार ‘भास्कर’ में छपा। इसके खिलाफ देशव्यापी अभियान शुरू किया। अंततः इसे न काटने का निर्णय हुआ। इन सबमें यह विश्वास और दृढ़ हुआ कि सभी जीव जंतुअों, पशु पक्षियों, वनस्पतियों, पेड़ पाैधों और जलस्रोतों का संरक्षण मानव धर्म है।

   वर्ष 2000 में श्रावण माह में कांवर लेकर जल चढ़ाने देवघर जाते लोगों से कहा कि आप पीपल के 2-2 पौधे साथ लेकर जाएं। ऐसा ही हुआ। इसके अलावा पटना के गंगापथ में नीम कॉरिडोर अभियान 2022 से चला रहे हैं।

   पत्नी की स्मृति में पैतृक गांव हामिन्दपुर तेर्रा में ‘मधुवन’ स्वरूप लेने लगा है। इसमें फलदार वृक्ष लगाए। ‘पीपल नीम तुलसी अभियान’ की जन्मभूमि है मेरा यह पैतृक गांव। इसलिए प्रत्येक माह वहां जाना आदत बन गई है।

   ‘पीपल वृक्ष महात्म्य कथा’ पुस्तिका इस अभियान में बहुत काम आई। सवाल होते तो संवाद के साथ पुस्तक थमा देता। शहरों को कंकरीट के जंगल से हराभरा बनाने का आत्मबोध कराता। नीम के उत्पादों पर चर्चा करता। समझाता कि कृषक साथी नीम का बीज संग्रह कर खेतों में छिड़काव करें तो जैव विविधता आएगी। 

सम्मान

  • 2018 गांधी पीस फाउंडेशन, काठमांडू (नेपाल) द्वारा सम्मानित
  • 2019 कमला वाटरशेड केम्पेन, जनकपुर (नेपाल) द्वारा सम्मानित, डिस्ट्रिक्ट एनजीओ एसोसिएशन, समस्तीपुर द्वारा प्रमाणपत्र, ‘ग्रीन थिंकर’ सम्मान मेरठ में
  • 2022 डॉ. अम्बेडकर इंटरनेशनल सोशल आॅनरेबल अवार्ड से पटना में सम्मानित

सम्पर्क कर सकते हैं : डॉ. धर्मेन्द्र कुमार, संस्थापक, पीपल नीम तुलसी अभियान, रामदास भवन, इन्द्रपुरी, सिपारा, पटना-800030 (बिहार) 

ईमेल: peepalneemtulsi@gmail.com मोबाइल: 9431496840, 9262813528


;